प्रधानमंत्री पद से जाते-जाते इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरान पर बड़ा हमला कर सकते हैं. इसके 2 संकेत मिल रहे हैं. इजराइली मीडिया चैनल-12 के मुताबिक नेतन्याहू ने पिछले दिनों इजराइल डिफेंस फोर्स के चीफ इयाल जमीर से तेहरान पर हमला करने के लिए कहा है.जमीर ने इससे इनकार कर दिया है. जमीर का कहना है कि अभी युद्ध में जाना ठीक नहीं है.दूसरी तरफ मंगलवार (11 नवंबर) को नेसेट में नेतन्याहू ने कहा कि ईरान में जब तक तख्तापलट नहीं होगा, तब तक इजराइल सुरक्षित नहीं होने वाला है. नेतन्याहू ने अयातुल्ला सरकार के तख्तापलट की अपील की.
ईरान पर हमले को तैयार नेतन्याहू
इसी साल फरवरी में अमेरिका के साथ मिलकर इजराइल ने ईरान पर हमला किया था. अप्रैल में तीनों के बीच सीजफायर की घोषणा हुई थी. इसके बाद भी ईरान पर इजराइल का हमला होता रहा. कुछ महीनों से दोनों के बीच शांति है.नेतन्याहू इजराइल चुनाव से पहले भी ईरान पर हमला करना चाहते थे, लेकिन अमेरिका ने मना कर दिया. अब चुनाव में हार के बाद भी नेतन्याहू की कोशिश ईरान पर हमला करने की है.इजराइल चैनल-12 के मुताबिक उन्होंने इसके लिए 2 बार सेना प्रमुख से बात की है. पहली बार 27 अक्तूबर को यह खबर आई थी कि इयाल जमीर ने ईरान पर हमला करने से इनकार कर दिया है. अब फिर से यही खबर आई है.
नेतन्याहू हमला करना क्यों चाह रहे हैं?
मंगलवार को नेसेट में बोलते हुए नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को हमने तबाह कर दिया है. इसके बावजूद ईरान फिर से परमाणु हथियार तैयार करने की कवायद में जुटा है.नेतन्याहू के मुताबिक ईरान में जब तक अयातुल्लाह का शासन रहेगा, तब तक इजराइल सुरक्षित नहीं रह सकता है. नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल और यहूदियों को सुरक्षित रखने के लिए ईरान पर हमला जरूरी है.उन्होंने कहा कि अयातुल्लाह शासन को उखाड़ फेंकने के बाद इजराइल सुरक्षित हो जाएगा. हालांकि, जानकारों का कहना है कि ईरान पर हमला करके नेतन्याहू अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं.















