जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरा कराएं निर्माण कार्य: डीएम

मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न पेयजल परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसलिए इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और कार्यों में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने कार्यदायी फर्म एनकेजी (NKG) के प्रतिनिधियों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि परियोजनाओं से संबंधित लंबित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि योजना की प्रगति और कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित होना होगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जल निगम के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता, कार्यदायी फर्मों के प्रतिनिधि, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई (डीपीएमयू) तथा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (टीपीआई) एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हर घर जल योजना को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts