जनता की परेशानी दूर करे सरकार, गौरव जैन ने की वैकल्पिक मार्ग की मांग.

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी गौरव कुमार जैन ने रेशू विहार रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन अंडरपास के चलते क्षेत्र में उत्पन्न यातायात समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर बिना पर्याप्त तैयारी और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के निर्माण शुरू कर देने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरव जैन ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही अंडरपास निर्माण की योजना, जल्दबाजी और संभावित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए थे। अब उनकी आशंकाएं सही साबित होती दिखाई दे रही हैं। निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी हुई है और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को भी अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल किया कि निर्माण शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्गों और सुचारु यातायात की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना होना चाहिए, न कि लोगों को अव्यवस्थाओं के बीच छोड़ देना। गौरव जैन ने भाजपा सरकार और राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से निर्माण की स्वीकृत योजना, निर्धारित समयसीमा, लागत और गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों को प्राथमिकता देना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं की अनदेखी का खामियाजा भाजपा को आगामी चुनावों में भुगतना पड़ सकता है। अंत में उन्होंने मांग की कि अंडरपास निर्माण के दौरान तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करते हुए निर्माण कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts