मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जनपद के सभी तहसील एवं नगरीय चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय अंतिम प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को जनगणना से जुड़ी प्रक्रियाओं, जिम्मेदारियों और निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। जनपद में कुल 14 प्रशिक्षण केंद्रों पर फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
तहसील सदर के कार्मिकों को श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज और एसडी पब्लिक स्कूल जानसठ रोड पर प्रशिक्षण दिया गया। तहसील खतौली के लिए मैपल एकेडमी, बुढ़ाना के लिए राखी पब्लिक स्कूल एवं मैपल एकेडमी तथा जानसठ के लिए एंबिएंस एकेडमी और गोल्डन बेल्स पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के कार्मिकों को माउंट लिट्रा जी स्कूल लिंक रोड और एसडी पब्लिक स्कूल भोपा रोड पर प्रशिक्षण दिया गया, जबकि खतौली में सेंट थॉमस स्कूल को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया। नगर पंचायतों के कार्मिकों को भी निर्धारित केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया गया।
गंभीर सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता सही आंकड़ों के संकलन और कार्मिकों की दक्षता पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र प्रभारियों को आवश्यक सुविधाएं, प्रशिक्षण सामग्री और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक क्षेत्र में कार्य शुरू करने से पहले पूरी तरह प्रशिक्षित एवं तैयार रहें।















