मुजफ्फरनगर। जनपद में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विकास भवन में नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार से मुलाकात कर जनगणना कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान जनगणना के आगामी चरणों की रूपरेखा, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी को बताया कि जनपद में जनगणना के द्वितीय चरण को व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसके अंतर्गत फील्ड ट्रेनरों, मास्टर ट्रेनरों और सुपरवाइजर्स के प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है, ताकि जनगणना के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या सामने न आए। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए भी विभिन्न स्तरों पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विशेष रूप से आगामी 16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर लोगों को जानकारी दी जा रही है। इस अवधि में नागरिक स्वयं अपनी और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लें, जिससे जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने में सहयोग मिल सके।
बैठक में स्व-गणना के महत्व, आमजन की सहभागिता बढ़ाने और जनपद में जनगणना संबंधी तैयारियों को समय से पूरा करने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय से नामित जिला प्रभारी गौरव गुंजन भी मौजूद रहे। उन्होंने भी जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों, प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी साझा की।















