अब विमानों की संख्या नहीं, तकनीक तय करेगी युद्ध का परिणाम:राजनाथ सिंह

युद्ध का तरीका तेजी से बदल रहा है. अब जंग सिर्फ लड़ाकू विमानों, टैंकों और सैनिकों की संख्या के दम पर नहीं जीती जाती, बल्कि ड्रोन, मिसाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर तकनीक और सटीक रणनीति भी जीत तय करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर इजराइल-हमास संघर्ष तक, दुनिया ने आधुनिक युद्ध के कई नए रूप देखे हैं. ऐसे में भारत भी अपनी सैन्य ताकत को भविष्य की चुनौतियों के हिसाब से तैयार करने में जुटा है.इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना के कमांडरों को भविष्य के युद्ध की चुनौतियों को लेकर खास संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जीत सिर्फ लड़ाकू विमानों की संख्या से तय नहीं होगी, बल्कि तकनीक की ताकत, तेजी से जवाब देने की क्षमता और सटीक रणनीति सबसे अहम होगी. उन्होंने सेना को आक्रामक और रक्षात्मक दोनों क्षमताएं मजबूत करने की सलाह दी. राजनाथ सिंह 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित एयर फोर्स कमांडर्स कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.

ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम पर खास जोर

रक्षा मंत्री ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध और इजराइल-हमास संघर्ष ने दिखा दिया है कि आधुनिक युद्ध का तरीका तेजी से बदल रहा है. अब जंग सिर्फ जमीन, आसमान और समुद्र तक सीमित नहीं है. मिसाइल, ड्रोन और आधुनिक हथियार युद्ध का अहम हिस्सा बन चुके हैं. उन्होंने भारतीय वायुसेना को कामिकाजे ड्रोन, निगरानी ड्रोन और दुश्मन के ड्रोन को रोकने की क्षमता मजबूत करने पर जोर दिया. इसके साथ ही एयर डिफेंस सिस्टम को और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई.

इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर पर बनेगी नई रणनीति

राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य के युद्ध में साइबर, स्पेस और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी. इसलिए भारतीय वायुसेना को इन नए क्षेत्रों के लिए अलग से रणनीति और तकनीकी ढांचा तैयार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि खुफिया जानकारी और निगरानी तंत्र को मजबूत करना भी जरूरी है, ताकि दुश्मन की किसी भी गतिविधि और खतरे का पहले ही पता लगाया जा सके.

ऑपरेशन सिंदूर से मिले सबक की तारीफ

रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि वायुसेना के जवानों ने जिम्मेदारी, संयम और पेशेवर तरीके से अपने मिशन को पूरा किया. उन्होंने तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त कार्रवाई की भी तारीफ की. राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच दिखी एकजुटता भविष्य की सैन्य रणनीति का आधार बनी रहनी चाहिए.

अग्निवीरों के सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी पर भी बोले राजनाथ

रक्षा मंत्री ने अग्निवीरों के लिए शुरू किए गए ‘सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी’ के फैसले पर भी बात की. उन्होंने कहा कि यह फैसला तीनों सेनाओं से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर लिया गया है. सरकार सेना के सुझावों को नीतिगत फैसलों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे तीनों सेनाओं की ताकत और बढ़ेगी.

वायुसेना के लिए स्वदेशी AI एप्लीकेशन लॉन्च

इस सम्मेलन के दौरान राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना के लिए विकसित कई स्वदेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एप्लीकेशन भी लॉन्च किए. ये एप्लीकेशन वायुसेना की UDAAN यूनिट के AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने तैयार किए हैं. इनका इस्तेमाल ऑपरेशनल कामकाज, प्रशासन और एयरोस्पेस सेफ्टी से जुड़े कार्यों को तेज और आसान बनाने में होगा. खास बात यह है कि ये सभी AI एप्लीकेशन वायुसेना के सुरक्षित नेटवर्क पर काम करेंगे.

दो दिन चलेगा एयर फोर्स कमांडर्स कॉन्फ्रेंस

इस दो दिवसीय सम्मेलन में वायुसेना के सभी कमांड के एयर ऑफिसर्स कमांडिंग-इन-चीफ, वरिष्ठ अधिकारी और डायरेक्टर जनरल शामिल हो रहे हैं. इस साल सम्मेलन की थीम ‘द ईयर ऑफ एम्पावरमेंट: मैक्सिमाइजिंग एफिशिएंसी थ्रू डिसेंट्रलाइजेशन’ रखी गई है. इसमें ऑपरेशन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts