बांदा। पैलानी में कॉलेज छात्र पर कटर से जानलेवा हमला करने वाले दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कटर भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाए जाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया जा रहा है।बीते दिन थाना पैलानी पुलिस द्वारा छात्र को कटर से हमला कर घायल करने वाले 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। जनपद में किसी भी छात्र, महिला या आम नागरिक पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी कितना भी शातिर हो पुलिस उसे हर हाल में पकड़कर कानून के हवाले करेगी। ग्राम खप्टिहाकला के रहने वाले रामबाबू द्वारा सूचना दी गई कि उनके भाई, जो रणछोड़दास इंटर कॉलेज का छात्र है, कॉलेज में परीक्षा देने गया था।
गांव के ही शिवम व प्रियांशु द्वारा आपसी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट करते हुए कटर मारकर घायल कर दिया गया। सूचना प्राप्त होते ही थाना पैलानी पर अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन किया गया।टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दोनों अभियुक्तों शिवम एवं प्रियांशु को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कटर बरामद किया गया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।















