गोल्डी बराड़ का ऑडियो लीक,

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी ली है. अमेरिका में रह रहा बराड़ एक लीक ऑडियो में निज्जर की हत्या की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है. लीक ऑडियो में बराड़ को यह कहते सुना जा सकता है कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था, जो 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करते थे. यह बातचीत खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा के साथ हुई बताई जा रही है.बराड़ का आरोप है कि ये लोग युवाओं को ड्रग्स बेचने और मुखबिरी करने के लिए ब्लैकमेल भी करते थे. ऑडियो में बराड़ ने दावा किया है कि निज्जर ऐसे लोगों को समर्थन और ताकत देता था, ताकि जरूरत पड़ने पर वह उनका इस्तेमाल कर सके.बराड़ के मुताबिक, इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर की हत्या करनी पड़ी.

बराड़ ने ली हत्या की जिम्मेदारी

बराड़ ने यह भी कहा कि हर किसी को अपने किए की कीमत चुकानी पड़ती है. कनाडा में निज्जर की हत्या के तीन साल बाद सोशल मीडिया पर सामने आए ऑडियो क्लिप में गोल्डी बराड़ ये कह रहा है कि उसने और उसके साथियों ने इस हत्या को अंजाम दिया.

‘हर किसी को अपने किए का नतीजा भुगतना पड़ता है’

ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने कहा ‘जो लोग 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए तैयार करते और उन्हें इसके लिए उकसाते थे. जो लोग बच्चों को ड्रग्स बेचने और मुखबिरी करने के लिए ब्लैकमेल करते थे.निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था और उन्हें मजबूत बनाता था, ताकि जरूरत पड़ने पर वह उनका इस्तेमाल कर सके. इसी वजह से हमें, यानी मुझे और मेरी टीम को, निज्जर को मारना पड़ा. हर किसी को अपने किए का नतीजा भुगतना पड़ता है’.

बातचीत का ऑडियो आया सामने

मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट का रहने वाला सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ इस ऑडियो क्लिप में खालिस्तानी आतंकी परमजीत सिंह पम्मा से बात कर रहा है. इसमें वह बता रहा है कि कैसे निज्जर के ड्रग्स के धंधे और इसमें बच्चों के इस्तेमाल से गुस्सा हुआ और उसे मारा.इंटेलिजेंस सूत्रों के मुताबिक भारतीय एजेंसियां और अधिकारी लंबे समय से यह कहते रहे हैं कि निज्जर की हत्या के पीछे गैंगवार और संगठित अपराध से जुड़ी गतिविधियां हो सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ नेटवर्क की भूमिका को लेकर अमेरिका में हुई कार्रवाई ने इस आकलन को और मजबूती दी है.

भारत ने किया कनाडा के आरोपों को खारिज

भारत पहले भी कनाडा के उन आरोपों को खारिज करता रहा है, जिनमें हत्या को भारतीय सरकारी एजेंटों से जोड़ा गया था. भारतीय पक्ष ने इन आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत नहीं होने की बात कही थी. इस ऑडियो के सामने आने से अब यह बात साफ है कि गोल्डी के आपसी गैंगवार में निज्जर की हत्या हुई थी, न कि भारतीय एजेंसियों ने हत्या कराई थी. निज्जर की हत्या ने भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संकट पैदा कर दिया था. दोनों देशों के बीच तल्खी काफी बढ़ गई थी.निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भारत सरकार के एजेंटों की संभावित भूमिका का आरोप लगाया था. भारत सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेतुका और राजनीति से प्रेरित बताया था. इस मामले के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में भी काफी तनाव पैदा हुआ था.

2023 में कनाडा के सरे में हुई थी हत्या

निज्जर को 18 जून, 2023 को कनाडा के सरे में गुरु नानक सिख गुरुद्वारे के पार्किंग स्थल में गोली मार दी गई थी. घटना के समय का सीसीटीवी भी सामने आया था. निज्जर अपने ट्रक में पार्किंग से बाहर निकल रहा था. तभी एक सफेद रंग की सेडान कार उसके वाहन के सामने आकर रुक गई और रास्ता रोक दिया गया. इसके बाद दो नकाबपोश हमलावरों ने निज्जर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. हमलावरों ने करीब 50 राउंड फायरिंग की थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts