मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को साइकिल वितरित की। इस दौरान जनपद के समस्त अनुचरों को ड्रेस भी प्रदान की गई। एसएसपी ने स्वयं साइकिल चलाकर ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीण जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। गांव स्तर पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। साइकिल मिलने से ग्राम प्रहरियों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण और निगरानी करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग के समस्त अनुचरों को ड्रेस उपलब्ध कराई गई। इससे उनके कार्यों में एकरूपता, अनुशासन और विभागीय गरिमा बनाए रखने में मदद मिलेगी। एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से उनकी कार्यक्षमता और मनोबल बढ़ता है।
उन्होंने ग्राम प्रहरियों एवं अनुचरों को निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस द्वारा ग्राम स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत करने को अपराध नियंत्रण और प्रभावी कानून-व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।















