गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति कुंतल करने की मांग, नावला में किसानों का धरना शुरू,

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नावला के निकट किसानों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया। किसान सेवक एवं किसान हितैषी विनीत कुमार त्यागी के नेतृत्व में आयोजित धरने में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने, चीनी मिलों को तत्काल चालू कराने, बिजली विभाग की कार्रवाई रोकने और बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी स्तर से ठोस आश्वासन मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

धरने को संबोधित करते हुए विनीत त्यागी ने कहा कि किसानों की 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पहले भी प्रशासन को दिया गया था, लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की बिक्री और उपचार व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल हैं। किसानों ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक सुधार कराने की मांग की।

किसानों ने कहा कि गन्ने का मूल्य तय करते समय उत्पादन लागत के साथ चीनी, शीरा, एथेनॉल, खोई और बिजली से होने वाली आय को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति कुंतल करने तथा नई गन्ना किस्मों के बीज निर्धारित दर पर अनुदान सहित उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने चीनी मिलों का पेराई सत्र जल्द शुरू कराने और बकाया बिजली बिलों पर पेनल्टी माफ करने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि पेराई सत्र शुरू होने तक बकायेदार किसानों के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं और छापेमारी पर रोक लगाई जाए।

आठ सूत्रीय मांगपत्र में एमडीए क्षेत्र के गांवों में सड़क, नाली व अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास, बेगराजपुर क्षेत्र में प्रदूषण की जांच, सरकारी नालियों के रखरखाव, सहकारी संस्थाओं में खाद वितरण तथा किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। विनीत त्यागी ने कहा कि किसान वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहते हैं। प्रशासन ने बातचीत नहीं की तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर किसान ट्रैक्टरों के साथ हाईवे पर उतरने को भी मजबूर होंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts