मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील खतौली के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान विद्युत, खनन, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत, राजस्व, श्रम, पेंशन, सड़क तथा पुलिस प्रशासन से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष पहुंचीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लिया जाए और उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मौके की फोटो भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि निस्तारण की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी विभाग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है तो उसे तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मुख्य कृषक उपहार योजना के अंतर्गत प्रगतिशील कृषक रवि गर्ग को पंपिंग सेट वितरित किया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खतौली डॉ. ललित कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, तहसीलदार खतौली अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अनिल कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














