मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कुकड़ा चौराहे पर एक प्लास्टिक के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास की दुकानों को आनन-फानन में खाली कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 11 गाड़ियों को लगाया गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
बताया गया कि गोदाम के पास स्थित एक मैरिज हॉल में शुक्रवार रात शादी समारोह आयोजित किया गया था। शनिवार सुबह दुल्हन की विदाई के दौरान आतिशबाजी की गई। आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी से निकली चिंगारी या फुलझड़ी गोदाम तक पहुंच गई, जिससे वहां रखे प्लास्टिक के सामान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम मालिक मनोज खंडेलवाल ने भी शादी समारोह में की गई आतिशबाजी को आग लगने की वजह बताया। उनके अनुसार गोदाम में शादी समारोहों में इस्तेमाल होने वाली क्रॉकरी का सामान रखा हुआ था। आगजनी की इस घटना में करीब तीन करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया गया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मैरिज हॉल में शादी समारोह के दौरान सुबह पटाखे चलाए गए थे। संभव है कि पटाखों से निकली फुलझड़ियां पास स्थित प्लास्टिक के गोदाम में पहुंच गई हों, जिससे आग लगी। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की 11 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाने की है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। घटना के चलते क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
















