किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी.

मुजफ्फरनगर। आत्मा योजना के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र बघरा एवं चितौड़ा में दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग किया। कृषि विज्ञान केंद्र बघरा में 554 तथा कृषि विज्ञान केंद्र चितौड़ा में 448 किसानों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल प्रबंधन, बागवानी, पशुपालन और विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कृषि विज्ञान केंद्र चितौड़ा में डा. संजीव कुमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बीज उत्पादन की नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी। डा. यशपाल सिंह ने फल उत्पादन एवं बागवानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी किसानों के साथ साझा की। डा. रीना देवी ने फसल अवशेष प्रबंधन के फायदे और इसके प्रभावी तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। डा. पूजा ने मिलेट्स यानी श्री अन्न के पोषण संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए किसानों को इसकी खेती के लिए प्रोत्साहित किया। जीएम शुगर केन, मंसूरपुर मिल के डा. उत्तम वर्मा ने गन्ने में रेड रॉट और टॉप बोरर जैसी बीमारियों एवं कीटों से बचाव तथा गन्ना बीज शोधन की जानकारी दी।

कृषि विज्ञान केंद्र बघरा में मीतू वर्मा ने कृषि यंत्रों, पराली प्रबंधन और मशरूम उत्पादन पर जानकारी दी। डा. हंसराज ने मिलेट्स, प्राकृतिक खेती एवं उत्पादन तकनीकों के बारे में बताया। डा. वीरेंद्र ने फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों और उनके नियंत्रण के उपाय समझाए। डा. दीपक ने पशुओं के रखरखाव, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा पशुओं में होने वाली बीमारियों और बांझपन की रोकथाम के उपाय बताए। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts