मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ (शुक्रताल) में आगामी कार्तिक गंगा स्नान मेला 2026-27 के सफल, भव्य और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मेले की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद अधिकारियों ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्तिक गंगा स्नान मेला 21 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा, जबकि मुख्य गंगा स्नान पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा। बैठक में पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था तथा बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में स्नान करने से रोकने और बांध मार्ग पर सरकारी वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखने को कहा गया। आबकारी विभाग को मेला क्षेत्र में शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को डिस्पेंसरी, एंबुलेंस, दवाइयों और चिकित्सकों की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव कराने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को मोरना से शुक्रताल मार्ग की पटरियों की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और पुल की टूटी रेलिंग ठीक कराने के निर्देश मिले। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा लटकते तारों को दुरुस्त करने को कहा गया। ड्रेनेज विभाग को घाटों पर निर्माण कार्य रोककर बांध, सीसी मार्ग और घाटों की मरम्मत व रंगाई-पुताई पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा वन विभाग को पानी का छिड़काव और पेड़ों की छंटाई, पशु चिकित्सा विभाग को पशुओं की देखभाल, एमडीए को हाईमास्ट लाइटें ठीक कराने तथा स्थानीय निकायों को सफाई कर्मचारियों और पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा गया। कृषि विभाग मेले में प्रदर्शनी लगाएगा, जबकि जिला पंचायत संपूर्ण मेला व्यवस्था संभालेगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम जानसठ रश्मि लव, अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, स्टेनो अक्षय शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















