मुजफ्फरनगर में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधानसभा सदर क्षेत्र में लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानसठ रोड के सभागार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। वहीं पुरकाजी में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में रसोइयों को शॉल, पटका और एप्रन भेंटकर सम्मानित किया गया तथा प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। सदर क्षेत्र में 600 भोजन माताएं और रसोइया शामिल हुए, जबकि 10 रसोइयों को प्रतीकात्मक चिकित्सा कार्ड दिए गए।मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। उनका मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। अब रसोइया और उनके परिवार को पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। दुर्घटना की स्थिति में दो लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। वहीं यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली वार्षिक राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है।
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि रसोइयां प्रतिदिन लाखों बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उनकी सेहत और पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करते हुए रसोइयों को बधाई दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रसोइयों से स्वच्छता और निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने की अपील की।























































