मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रवात अभियान के तहत ककरौली पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छह लाख रुपये नकद और चोरी किए गए पीली व सफेद धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को ग्राम बेहड़ा सादात में हुई चोरी की घटना के खुलासे से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बेहड़ा सादात में चोरी की घटना हुई थी। मामले में थाना ककरौली पर मुकदमा अपराध संख्या 116/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए थाना ककरौली पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को थाना ककरौली पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बेहड़ा सादात रजवाहे की पटरी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छह लाख रुपये नकद के अलावा चोरी किए गए पीली और सफेद धातु के आभूषण बरामद किए।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष ककरौली दीपक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन चक्रवात के तहत अपराधियों की धरपकड़ और चोरी जैसी घटनाओं के खुलासे के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
















