ईरान को हमेशा के लिए खत्म करने का समय आया:नेतन्याहू

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को लेकर फिर सख्त बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब ईरान से मिलने वाले खतरे को हमेशा के लिए खत्म करने का समय आ गया है. नेतन्याहू ने शनिवार को नई सरकार बनाने को लेकर दिए भाषण में यह बात कही. उनका आरोप है कि ईरान एक बार फिर अपना परमाणु कार्यक्रम शुरू करने की कोशिश कर रहा है और इससे इजराइल को खतरा है.नेतन्याहू ने कहा कि ईरान की सरकार इजराइल को खत्म करना चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार अपने ही हजारों लोगों की हत्या कर चुकी है. ऐसे में वह इजराइल के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करने से भी पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि ईरान जैसे ही यूरेनियम को दोबारा संवर्धित करना शुरू करेगा और परमाणु हथियार बनाने का काम तेज करेगा, इजराइल के लिए खतरा बढ़ जाएगा. इसलिए इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म करना जरूरी है.

आइजनकोट से मुलाकात के बाद एकता सरकार की बात

नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को विपक्षी नेता गादी आइजनकोट से मुलाकात की थी. इस बैठक के बाद उनका मानना है कि मौजूदा हालात में इजराइल में सभी प्रमुख दलों को मिलाकर राष्ट्रीय एकता की सरकार बननी चाहिए. दरअसल, पिछले महीने हुए चुनाव में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और उसके सहयोगी दलों को संसद की 120 में से 53 सीटें मिली थीं. सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है. वहीं, आइजनकोट की याशर पार्टी और उसके सहयोगियों को 48 सीटें मिलीं. अरब पार्टियों के गठबंधन को 19 सीटें मिलीं.

अरब पार्टियों के साथ सरकार बनाने का विरोध

नेतन्याहू ने सवाल उठाया कि आइजेनकोट अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार क्यों बनाना चाहते हैं. उन्होंने ऐसी सरकार को कमजोर और खतरनाक बताया. नेतन्याहू चाहते हैं कि आइजनकोट उनके साथ समझौता करें, ताकि अरब पार्टियों के बिना बहुमत की सरकार बनाई जा सके. उन्होंने अरब पार्टियों पर चुनाव चुराने का आरोप लगाया और उन्हें आतंकवाद का समर्थक बताया.नेतन्याहू के मुताबिक, छोटी सरकार या अरब पार्टियों के समर्थन से चलने वाली सरकार ईरान के खतरे को खत्म नहीं कर पाएगी. इसके लिए राष्ट्रीय एकता की सरकार जरूरी है. उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार इजराइल की सुरक्षा आने वाले कई सालों तक सुनिश्चित कर सकती है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts