
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चला रजत शर्मा के जन्मदिन का बधाई संदेश
भारतीय समाचार जगत के जानेमाने नाम और इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। जीवन में तमाम उतार-चढ़ाव देखने के बाद आज वह जिस मुकाम पर हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे ही उनके एक फैन ने इस खास मौके पर उनके लिए अमेरिका के न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर जन्मदिन का बधाई संदेश चलवाकर इस पल को और यादगार बना दिया।
रजत शर्मा का जन्म साल 1957 में दिल्ली की सब्जी मंडी इलाके में हुआ था। बचपन से ही रजत शर्मा के जीवन में संघर्ष की शुरुआत हो गई थी। उनके छह भाई और एक बहन हैं। अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए रजत शर्मा बताते हैं, “माता-पिता सहित हम सभी नौ लोग 100 वर्ग फुट के एक कमरे में रहते थे, जिसे हम घर कहते थे। हर दिन हमारे लिए संघर्षपूर्ण था। हमारे पास पानी या बिजली जैसी आम सुविधा भी नहीं थी।”
गरीबी से निकलने का एकमात्र तरीका है शिक्षा- रजत शर्मा
वह बताते हैं कि शुरूआती शिक्षा सनातन धर्म मिडिल स्कूल से हुई। रात में मैं सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन पर लैंप पोस्ट के नीचे पढ़ाई करता था। मैं जानता था कि अपनी गरीबी से लड़ने का एकमात्र तरीका कठिन अध्ययन करना और अपने जीवन को जीने लायक बनाना है। और सौभाग्य से मैं पढ़ाई में अच्छा था। इसके बाद मैंने करोल बाग में रामजस स्कूल में दाखिला लिया और मुझे हर दिन सब्जी मंडी से पैदल स्कूल जाना पड़ता था। रजत शर्मा बताते हैं कि आपातकाल के दौरान मैं जेल भी गया और मैंने 11 महीने जेल में बिताए। इस दौरान मैंने वहां बहुत कुछ सीखा और तय कर लिया कि अब जीवन देश और समाज के लिए समर्पित रहेगा।
रजत शर्मा ने बताया अपनी फिटनेस का राज
एक कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने रजत शर्मा से इस उम्र के दौरान फिट रहने के लिए टिप्स मांगे तो उन्होंने बताया कि इसके लिए अनुशासन की जरूरत है। उन्होंने कहा, ”मैं सब नौजवानों से यह कहता हूं कि अगर फिटनेस चाहिए तो ज्यादा पानी पीना चाहिए, कम खाना चाहिए, टाइम पर खाना चाहिए ये सबको पता है, कोई सीक्रेट तो है नहीं। लेकिन उसका पालन करना चाहिए, ये कोई नहीं समझता है।”















