मुजफ्फरनगर। आयुष विभाग की ओर से 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रशासक जिला पंचायत डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल ने अतिथियों को औषधीय पौधे भेंट कर स्वागत किया तथा आयुर्वेद दिवस के आयोजन की जानकारी दी।
डॉ. सुधीर सैनी ने आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने और जंक फूड से बचने का संदेश दिया। संजय राठी ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की महत्ता बताते हुए इसके प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। डॉ. साक्षी जैन, डॉ. प्रिया शर्मा और डॉ. अमित ने आयुर्वेदिक जीवनशैली और औषधीय पौधों पर व्याख्यान दिया। मीनाक्षी स्वरूप ने रसोई में मौजूद औषधीय गुणों वाले मसालों और हर्ब्स के उपयोग के लिए प्रेरित किया तथा बिना चिकित्सकीय परामर्श आयुर्वेदिक औषधि का सेवन न करने की सलाह दी।
डॉ. वीरपाल निर्वाल ने आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने और पारंपरिक उपचार पद्धति के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. इसम पाल ने सभी अतिथियों और चिकित्सकों का आभार जताया। आयुष विभाग में विशेष योगदान देने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।














