आगरा । ताजमहल में शरद पूर्णिमा के अवसर पर चांदनी रात में संगमरमर के इस खूबसूरत स्मारक की चमक देखने के लिए पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के चलते ताजमहल की ‘चमकी’ देखने का क्रेज बढ़ गया है। यही वजह है कि 24, 25 और 26 अक्टूबर के रात्रि दर्शन के सभी 1200 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी है। वहीं, 27 अक्टूबर के पहले स्लॉट के सभी 50 टिकट भी बुक हो गए हैं।
24 से 28 अक्टूबर तक होगा रात्रि दर्शन
ताजमहल में पूर्णिमा के आसपास महीने में पांच दिन रात्रि दर्शन की व्यवस्था रहती है। इस बार 24 से 28 अक्टूबर तक पर्यटक रात में ताजमहल का दीदार कर सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2004 के आदेश के अनुसार पूर्णिमा, उससे दो दिन पहले और दो दिन बाद तक ताजमहल रात्रि दर्शन के लिए खोला जाता है।
आठ स्लॉट में मिलेगा प्रवेश
रात्रि दर्शन के दौरान रात आठ बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक आधे-आधे घंटे के आठ स्लॉट में पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रत्येक स्लॉट में अधिकतम 50 पर्यटकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। पर्यटक रॉयल गेट के पास बने वीडियो प्लेटफॉर्म से चांदनी रात में ताजमहल का दीदार कर सकेंगे।
होटलों में भी बढ़ रही पर्यटकों की दिलचस्पी
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की वेबसाइट पर एडवांस टिकट बुकिंग शुरू होने के बाद शुरुआती तीन दिनों के सभी टिकट बुक हो चुके हैं। 28 अक्टूबर के टिकटों की बुकिंग बुधवार शाम तक शुरू नहीं हुई थी। ताजमहल की चमकी देखने के लिए पर्यटक आसपास के होटलों का रुख भी कर रहे हैं, ताकि चांदनी रात में ताजमहल की खूबसूरती का नजारा देख सकें।















