मुजफ्फरनगर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, अलीगंज लखनऊ की ओर से प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-28 के दो वर्षीय पाठ्यक्रमों के तृतीय चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही राजकीय एवं निजी आईटीआई में द्वितीय चरण के आवंटन के बाद उच्चीकरण का चयन परिणाम भी जारी किया गया है।
अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in अथवा www.upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर जाकर अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। चयन होने की स्थिति में अभ्यर्थी का बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा, जिसका प्रिंट निकालकर प्रवेश के समय प्रस्तुत करना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को उनके ऑनलाइन आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है। चयन नहीं होने पर अभ्यर्थी की रैंक की जानकारी प्रदर्शित होगी और उसे अगले प्रवेश चरण की प्रतीक्षा करनी होगी।
तृतीय चरण में प्रवेश की प्रक्रिया 21 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक अवकाश सहित निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, सभी मूल प्रमाण-पत्र, अंक-पत्रों की प्रतियां एवं उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित चयनित संस्थान के प्रधानाचार्य से अंतिम तिथि तक संपर्क करना होगा। संस्थान की चयन सूची से अभ्यर्थी के दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रवेश के समय अभ्यर्थी को बुलावा पत्र में दिए विवरण के अनुसार अपग्रेडेशन प्रक्रिया में भाग लेने की स्थिति का चयन करना होगा। इसके लिए FREEZE (स्थिर) अथवा FLOAT (विस्थापित) में से किसी एक विकल्प का चयन कर प्रवेश की कार्रवाई पूरी करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।














