आईटीआई प्रवेश में रिक्त सीटों पर होगा उच्चीकरण.

मुजफ्फरनगर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश अलीगंज, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया के तहत नाम कटाने और उच्चीकरण की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। राजकीय संस्थानों में प्रथम तीन चरणों के प्रवेश के बाद ऐसे प्रवेशित प्रशिक्षार्थी, जो किसी कारणवश अपना प्रवेश निरस्त कराना चाहते हैं, उन्हें एससीवीटी उत्तर प्रदेश के पोर्टल पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से नाम कटाने की सुविधा दी जाएगी। प्रशिक्षार्थी को अपने लॉगिन से प्रवेश पृथक (नाम कटाने) के विकल्प पर क्लिक कर कारण सहित अपनी सहमति दर्ज करनी होगी। यह सुविधा 27 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षार्थियों के नाम कटाने तथा अन्य कारणों से रिक्त होने वाली सीटों के सापेक्ष उन प्रवेशित प्रशिक्षार्थियों को उच्चीकरण का अवसर दिया जाएगा, जिन्होंने किसी भी चरण में फ्लोट विकल्प पर सहमति दी है और अभी तक उनका उच्चीकरण नहीं हुआ है। उच्चीकरण मेरिट एवं अभ्यर्थी द्वारा दिए गए विकल्प के क्रम में किया जाएगा। अभ्यर्थी निर्धारित लिंक पर क्लिक कर अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर उच्चीकरण की स्थिति देख सकेंगे। उच्चीकरण होने पर संबंधित अभ्यर्थी का बुलावा पत्र पोर्टल पर प्रदर्शित होगा, जिसे वह डाउनलोड कर प्रिंट प्राप्त कर सकता है। इसकी सूचना प्रशिक्षार्थी के मोबाइल पर संदेश के माध्यम से भी भेजी जाएगी। उच्चीकरण सूची के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर 2026 तक, अवकाश सहित, संपन्न कराई जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts