मुजफ्फरनगर में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में श्रम विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के सभी श्रमिकों और मजदूरों को संबोधित किया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न उद्योग संगठनों और श्रम संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में श्रमिक और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की सुरक्षा और उनके विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका उद्देश्य उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
मंत्री अनिल कुमार ने मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रमिक वर्ग देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिनके कठिन परिश्रम से निर्माण, उद्योग, सेवा और कृषि जैसे क्षेत्रों में निरंतर प्रगति संभव हो पाती है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के योगदान के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया गया तथा अटल आवासीय विद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा में सफल बच्चों के अभिभावकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सहायक श्रमायुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, श्रमिकों और मीडिया कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
























































