बांदा। जनपद में बिजली विभाग और निजी मीटर कंपनियों की मनमानी अब जनता के सब्र की सीमा पार कर चुकी है। गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड महिला विंग की जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में लगभग आधा सैकड़ा महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रीपेड स्मार्ट मीटरों की धांधली पर तत्काल रोक नहीं लगी तो पूरे जनपद में व्यापक जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि निजी कंपनियों के कर्मचारी उपभोक्ताओं को भारी जुर्माने का भय दिखाकर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बना रहे हैं, जो सीधे तौर पर विद्युत अधिनियम 2003 का उल्लंघन है और बिना सहमति घरों में मीटर बदलना “डिजिटल डकैती” जैसा है। महिलाओं ने कहा कि इन स्मार्ट मीटरों का सॉफ्टवेयर गंभीर रूप से त्रुटिपूर्ण है, रिचार्ज करने के कुछ ही घंटों में बैलेंस माइनस में पहुंच जाता है और बिना किसी पूर्व सूचना के आधी रात को बिजली काट दी जाती है। जिससे भीषण गर्मी में बुजुर्गों, महिलाओं और परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी शिकायत सुनने को तैयार नहीं हैं, जिससे आम जनता में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। महिला विंग ने मांग की कि प्रीपेड मीटर लगाने की पूरी प्रक्रिया की न्यायिक जांच कराई जाए, भ्रामक जानकारी फैलाने वाली निजी एजेंसी का टेंडर निरस्त कर कानूनी कार्रवाई की जाए।असंतुष्ट उपभोक्ताओं को पुराने पोस्टपेड मीटर पर वापस लगाने की सुविधा दी जाए तथा तकनीकी खामियों और बैलेंस गड़बड़ी का 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति ने कहा कि प्रशासन जनता के धैर्य की परीक्षा न ले, अन्यथा महिलाएं सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।















