मुजफ्फरनगर जनपद में रोजगार के क्षेत्र में एक अहम कदम उठाते हुए 15 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह नियुक्तियां उत्तर प्रदेश अधीन सेवा चयन आयोग की निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत की गई हैं। पूरे प्रदेश में इस प्रक्रिया के तहत कुल 1112 कनिष्ठ सहायक और 12 एक्स–रे टेक्नीशियन नियुक्त किए गए हैं। जनपद में आयोजित कार्यक्रम विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुआ, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन एवं कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि यह नियुक्तियां युवाओं के जीवन में रोजगार का नया अध्याय खोलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है और यह प्रक्रिया योग्यता तथा पारदर्शिता का प्रतीक है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने नियुक्त अभ्यर्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवाओं को यह अवसर केवल नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहिए बल्कि इसे अपनी क्षमता साबित करने और जनहित में योगदान करने के रूप में भी देखना चाहिए। जिला पंचायत अध्यक्ष, एमएलसी वंदना वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर ने कहा कि इस तरह की नियुक्तियां न केवल युवाओं की व्यक्तिगत प्रगति में सहायक होंगी बल्कि प्रदेश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को भी और अधिक सशक्त बनाएंगी। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों के चेहरे प्रसन्नता से खिले हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके जीवन को एक नई दिशा देगा और परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा। अभ्यर्थियों ने सरकार और अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के चलते ही उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ है।समारोह में पारदर्शिता और योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया की खुले शब्दों में सराहना की गई। यह आयोजन रोजगार सृजन की दिशा में प्रदेश सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।















