बुढ़ाना। नगर पंचायत बुढाना क्षेत्र में पानी की एक ट्यूबवेल के अचानक से खराब हो जाने के कारण बुढ़ाना नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। तब बुढ़ाना नगर पंचायत के इसी वार्ड के सभासद इमरान कुरैशी ने मोर्चा संभालते हुए इसकी शिकायत बुढ़ाना नगर पंचायत की अध्यक्षा श्रीमति उमा त्यागी कौशल से की तो उन्होंने नगर पंचायत के कर्मचारियों और मिस्त्रियों को तुरंत मौके पर भेजकर खराब हुई ट्यूबवेल को ठीक कराने का कार्य शुरु कर दिया था। नगर पंचायत प्रशासन का कहना था कि युद्धस्तर पर काम चल रहा है और शाम तक पानी की सप्लाई चालू कर दी जाएगी। वहीं वार्ड के सभासद इमरान कुरेशी ने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि ट्यूबवेल में तकनीकी खराबी आ गई है। बुढ़ाना नगर पंचायत के कर्मचारी और मिस्त्री लगातार मरम्मत कार्य कर रहे हैं। वे धैर्य बनाए रखें। असुविधा के लिए खेद है। इस बारे में सभासद ने कुछ ही घंटो बाद बताया कि नगर पंचायत द्वारा पानी के टैंक में जो भी पानी इकट्ठा था उसे तत्काल चालू करवा दिया गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे उस पानी को भर लें अन्यथा अगली सप्लाई मंगलवार की अल सुबह ही हो पाएगी। सभासद इमरान कुरेशी ने कहा ये भी कहा कि अगर वार्ड में कहीं भी पानी की ज्यादा दिक्कत हो तो लोग सीधे उनके पर्सनल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि गंभीर स्थिति वाले घरों में टैंकर के माध्यम से पानी भिजवाने की व्यवस्था कर दी गयी है। वहीं नगर पंचायत बुढाना के ईओ आलोक रंजन ने बतलाया कि ट्यूबवेल की मोटर में खराबी आई थी। मिस्त्री लगातार काम कर रहे हैं। पूरी कोशिश है कि आज सुबह तक समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।























































