मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने शराब तस्करी और वाहन धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार रहीश पुत्र अनीश निवासी रथेड़ी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खुर्शीद नामक व्यक्ति ने अशोक लीलैंड वाहन किस्तों पर खरीदकर अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन न तो वाहन की किस्तें जमा कीं और न ही वाहन वापस किया। आरोप है कि वाहन का इस्तेमाल अवैध शराब की तस्करी में किया जाने लगा। शिकायत के आधार पर नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद 4 जुलाई 2026 को पुलिस ने उक्त वाहन से 150 पेटी अवैध शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी खुर्शीद फरार चल रहा था।
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी एनएच-58 स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और नसीरपुर कट की ओर भागकर ईख के खेत में छिप गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
























































