बुढ़ाना में जमीयत उलमा-ए-हिंद का मतदाता पुनरीक्षण जागरूकता अभियान तेज़, गांव-गांव चल रही मदद

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में जमीयत उलमा-ए-हिंद द्वारा मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को लेकर जागरूकता अभियान तेजी पकड़ रहा है। संगठन की ओर से यह पहल इसलिए की गई है, ताकि क्षेत्र का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और किसी भी व्यक्ति का नाम गलती से न कटे या छूटे। इस अभियान के अंतर्गत कस्बे से लेकर आसपास के गांवों तक एक सुव्यवस्थित जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें स्थानीय लोगों का सहयोग और उत्साह देखने को मिल रहा है।

जमीयत उलमा-ए-हिंद ने बुढ़ाना कस्बे की नई बस्ती और क़ासमी मंज़िल स्थित स्थानीय कार्यालय पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं। नई बस्ती में यह हेल्प डेस्क मौ0 आसिफ कुरैशी के आवास पर संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सहायता लेने पहुंच रहे हैं। यहां मौजूद प्रशिक्षित टीम नागरिकों को गणना फॉर्म भरने, नया नाम जोड़ने, नाम सुधार, उम्र संशोधन, पता बदलवाने, आवश्यक दस्तावेज़ों की जांच करने सहित मतदाता सूची से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन दे रही है। यह सुविधा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए राहत देने वाली साबित हो रही है, जिन्हें अक्सर फॉर्म संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

जमीयत के पदाधिकारी केवल शहरी क्षेत्र तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि गांव-देहात में जाकर घर-घर लोगों तक इस अभियान की जानकारी पहुंचा रहे हैं। जमीयत के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष और जिला मीडिया प्रभारी मौ0 आसिफ कुरैशी के अनुसार कस्बे की जामा मस्जिद बुढ़ाना पर भी डॉ. शाहनवाज़ गोरी के नेतृत्व में हेल्प डेस्क सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वार्ड सभासद, पूर्व सभासद प्रत्याशी और समाजसेवी लोग भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और जमीयत उनके योगदान की सराहना करती है।

जमीयत ने पढ़े-लिखे नौजवानों से विशेष अपील की है कि वे आगे आकर लोगों की मदद करें और फॉर्म सही तरीके से भरवाने में सहयोग दें। इसके अलावा जमीयत के मुफ्ती यामीन क़ासमी सहित अन्य पदाधिकारी मस्जिदों व सार्वजनिक स्थानों पर जाकर एसआईआर नमूना फॉर्म के माध्यम से लोगों को समझा रहे हैं कि फॉर्म किस प्रकार भरना है और किन-किन दस्तावेज़ों की आवश्यकता होती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी व्यक्ति को फॉर्म भरने में कठिनाई हो, जानकारी की आवश्यकता हो या अपने क्षेत्र में BLO उपलब्ध न हो, तो वे जमीयत की टीम से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। जमीयत ने भरोसा दिलाया है कि हर व्यक्ति को पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

जमीयत उलमा-ए-हिंद, बुढ़ाना ने कस्बे और गांव के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का लाभ अवश्य उठाएं और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। संगठन का कहना है कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाती है और सही मतदान सूची इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इस अभियान से बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और भी अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाएंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts