भारतीय क्रिकेट के पूर्व स्टार बल्लेबाज विनोद कांबली इन दिनों गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनकी हालत को लेकर क्रिकेट जगत में चिंता बढ़ गई है, और अब उनके पुराने साथी खिलाड़ियों ने उन्हें आर्थिक और भावनात्मक सहारा देने के लिए एकजुट होकर बड़ा कदम उठाया है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, 54 साल के कांबली को ब्रेन स्ट्रोक का खतरा है। उनकी हालत को देखते हुए पूर्व क्रिकेटरों और दोस्तों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है, जिसके जरिए उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाई जा रही है। इस पहल में उनके बचपन के दोस्त सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं।
करीबी दोस्त चिंतित
कांबली के करीबी दोस्त मार्कस कुटो ने उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि विनोद के दिमाग में खून का थक्का जम गया है, जिसे निकाला नहीं जा सकता क्योंकि उसने समय रहते एहतियात नहीं बरती थी और डॉक्टर ने बताया है कि उसे ब्रेन स्ट्रोक हो सकता है।
उन्होंने आगे बताया कि कांबली ने शराब छोड़ दी है, लेकिन उनकी कमजोर होती याददाश्त ने नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। कुटो ने बताया कि कांबली कभी-कभी सिगरेट पीने पर लगी पाबंदियों को भूल जाते हैं और कभी-कभार राह चलते लोगों से सिगरेट मांग लेते हैं। अब उनके दिल, लिवर या किडनी को कोई नुकसान नहीं हो रहा है, बल्कि अब उनके दिमाग पर असर पड़ रहा है। इसकी वजह से शरीर का संतुलन बिगड़ जाता है।
क्रिकेट जगत बना सहारा
कांबली की मदद के लिए क्रिकेट जगत खुलकर सामने आया है। कपिल देव और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गज पहले भी उनके इलाज और रिहैब में मदद कर चुके हैं। हालांकि इलाज के दौरान आर्थिक दिक्कतें भी सामने आईं। ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज के दौरान सुधार दिखा, लेकिन फंड की कमी के चलते उन्हें वहां से जाना पड़ा। मार्कस कुटो ने इस पर कहा कि एक दोस्त ने बारी-बारी से उसके एक दिन का खर्च उठाया… लेकिन वे हर रोज ऐसा कैसे कर सकते हैं? उनकी स्थिति को लेकर मार्कस कुटो ने भावुक बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि वह ठीक हो पाएगा, लेकिन अगर उसकी हालत स्थिर भी रहती है, तो भी हम बहुत खुश होंगे। उसकी हालत और बिगड़नी नहीं चाहिए।














