अलवर।शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला को हनीट्रैप के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया है, जो लिफ्ट मांगकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाकर उनसे पैसे वसूलती थी।
थाना प्रभारी विनोद सामरिया ने बताया कि 23 जून 2025 की रात एक व्यक्ति अपनी दुकान से कार द्वारा शालीमार की ओर जा रहा था। रास्ते में मंगलम सिटी के पास एक महिला ने खुद को डॉक्टर बताकर लिफ्ट मांगी। शिकायतकर्ता ने उसे अंशल टाउन तक छोड़ा। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई।
कुछ दिनों बाद महिला ने उस व्यक्ति को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 45 हजार रुपये वसूल लिए। बार-बार पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने योजना बनाकर महिला को बीस हजार रुपये के चिन्हित नोट देकर बुलाया और उसे नोट गिनते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त महिला के खिलाफ विभिन्न थानों में इस तरह के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।















