पैलानी/बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र के मडौली कला, महबरा और सबादा गांवों के नजदीक विकराल आग ने तांडव मचाया है। यह आग किसानों द्वारा शाम के समय खेतों में पराली जलाने के कारण भड़की और तेज आंधी ने आग को और भी फैलाने में मदद की। वर्तमान में करीब 3 किलोमीटर का क्षेत्र आग से घिरा हुआ है, और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। यदि आग इन तीनों गांवों में घुस जाती है तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
घटनास्थल पर एक छोटी अग्निशमन गाड़ी पहुंच चुकी है, जबकि एक बड़ी अग्निशमन गाड़ी पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर मौके पर पहुंची है। वहीं, एसडीएम पैलानी शशि भूषण मिश्र और तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह किसानों को ढांढस बढ़ाने के साथ-साथ आग बुझाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। आग को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों की मदद भी ली जा रही है, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग विकराल रूप लेती जा रही है।















