मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, स्ट्रॉन्ग रूम तथा परीक्षा संचालन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को शासन और परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच और पहचान सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की है, जबकि मोबाइल पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जाए ताकि सभी अभ्यर्थी बिना किसी बाधा के परीक्षा दे सकें।
इसके अलावा सोशल मीडिया सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाह फैलाने, पेपर लीक जैसी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने या परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिससे परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भी अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें, निर्धारित नियमों का पालन करें और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।















