UPSC सिविल सेवा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी,

संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल कर देशभर में टॉप किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांश धुल रहे। इन तीनों अभ्यर्थियों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में गिना जाता है, जिसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक, पुलिस और विदेश सेवा जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है।

टॉप 10 में अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक ने भी अपनी जगह बनाई है। इन सभी अभ्यर्थियों ने लंबे समय तक कड़ी मेहनत और तैयारी के बाद इस परीक्षा में सफलता हासिल की है। परिणाम जारी होने के साथ ही सफल उम्मीदवारों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रारंभिक परीक्षा पिछले वर्ष 25 मई को आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच कराई गई। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चरण यानी पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। आयोग ने मुख्य परीक्षा के बाद कुल 2,736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया था। इंटरव्यू की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चली। सभी चरण पूरे होने के बाद अब आयोग ने अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस वर्ष कुल 979 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 180 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (Indian Administrative Service) के लिए हुआ है, जबकि 55 उम्मीदवारों का चयन भारतीय विदेश सेवा (Indian Foreign Service) और 150 उम्मीदवारों का चयन भारतीय पुलिस सेवा (Indian Police Service) के लिए किया गया है। IAS के 180 पदों में से 74 अनारक्षित वर्ग के लिए, 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 अन्य पिछड़ा वर्ग और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।आयोग ने यह भी जानकारी दी है कि अंतिम परिणाम जारी होने के बाद सभी उम्मीदवारों के अंक अगले 15 दिनों के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। सफल अभ्यर्थियों को अब उनकी रैंक और वरीयता के आधार पर विभिन्न सेवाओं और कैडर में नियुक्त किया जाएगा। सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को देश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts