महिला की मौत पर नर्सिंग होम में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप.

मुजफ्फरनगर। खालापार क्षेत्र स्थित रमानी नर्सिंग होम में प्रसव के बाद एक महिला की मौत होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा निवासी मोहम्मद वकील अपनी पत्नी फरजाना को प्रसव के लिए नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में महिला की सामान्य डिलीवरी कराई गई और नवजात शिशु को स्वस्थ बताया गया। आरोप है कि प्रसव के कुछ समय बाद फरजाना की मौत हो गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को इसकी जानकारी समय पर नहीं दी। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत सुबह ही हो चुकी थी, जबकि उन्हें इसकी सूचना शाम को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। दूसरी ओर अस्पताल की डॉक्टर नीना रमानी ने बताया कि महिला को रविवार सुबह भर्ती किया गया था और उसकी सामान्य डिलीवरी सफलतापूर्वक हुई थी।

उनके अनुसार प्रसव के बाद अचानक बच्चेदानी से अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया, जिसे नियंत्रित करने और महिला की जान बचाने के लिए चिकित्सकीय टीम ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय अभिलेख और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत चिकित्सकीय जटिलता के कारण हुई या इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही हुई। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts