कानून-व्यवस्था और मनीषा केस पर हरियाणा विधानसभा में हंगामा,

हरियाणा विधानसभा में हंगामा जारी है. सदन की कार्यवाही तीसरी बार आधे घंटे के लिए स्थगित की गई है.कांग्रेस विधायक इस जिद पर अड़े हैं कि प्रश्नकाल को स्थगित करके पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भिवानी में प्ले स्कूल टीचर के कथित हत्याकांड के मामले को लेकर चर्चा हो और उसके बाद ही सदन की कार्रवाई आगे बढ़े.स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि उस मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी लेकिन पहले सदन की कार्यवाही चलने दी जाए.बार-बार कांग्रेस विधायकों के वेल में आने और नारेबाजी और हंगामा करने के कारण कार्यवाही को स्थगित करना पड़ रहा है.

इससे पहले सदन की कार्यवाही एक बार फिर 20 मिनट के लिए स्थगित की गई. इससे पहले सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित की गई थी. कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल एडजर्नमेंट नोटिस लाकर बहस चाहती हैं लेकिन स्पीकर ने प्रश्नकाल टालने से इनकार किया. इस पर कांग्रेस विधायक वेल में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की.

बीजेपी विधायकों ने सदन की कार्यवाही प्रभावित करने वाले और सदन छोड़कर जाने वाले कांग्रेस विधायकों को चोर बताया. कांग्रेस प्रश्नकाल को रोककर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भिवानी की प्ले स्कूल टीचर मनीषा के कथित हत्याकांड के मामले पर बहस की मांग कर रही है.

हमारे पास हर मुद्दे का जवाब

हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कहा, बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा नहीं होती, सिर्फ यह तय होता है कि सदन की कार्यवाही कैसे और कितने समय तक चले. इसे एक दिन बढ़ाने का फैसला किया गया. इसमें सभी दलों के नेता मौजूद थे. विधानसभा सत्र 27 तारीख तक जारी रहेगा.

उन्होंने कहा, विपक्ष को मुद्दे उठाने की आजादी है, हमारे पास हर मुद्दे का जवाब है. कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी नहीं है, इसमें कोई किसी को नेता नहीं मानता, कोई किसी की नहीं सुनता. इसीलिए इतना समय बीत जाने के बाद भी वे विपक्ष के नेता पर फैसला नहीं कर पाए.

मुख्यमंत्री नायब सैनी का पोस्ट

उधर, विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधानसभा पहुंचकर डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान को नमन किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा,आज हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के शुरू होने पर विधानसभा पहुंचकर संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी और विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के गौरवशाली संविधान को नमन किया.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts