मुजफ्फरनगर में अपराध नियंत्रण और आपातकालीन पुलिस सेवा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस विभाग को बड़ी मजबूती मिली है। जनपद मुख्यालय द्वारा यूपी-112 सेवा के लिए 12 अत्याधुनिक दोपहिया वाहन आवंटित किए गए हैं। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, डायल-112 प्रभारी ओमप्रकाश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग के अनुसार इन दोपहिया वाहनों को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। इनका मुख्य उद्देश्य आम जनता को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना तथा आपातकालीन सूचनाओं पर कम से कम समय में मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। खासतौर पर संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, घनी आबादी वाले इलाकों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में ये वाहन काफी उपयोगी साबित होंगे, जहां चारपहिया पीआरवी वाहनों को पहुंचने में अधिक समय लगता है।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाली हर सूचना पर गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए। महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, सड़क दुर्घटना, चोरी, मारपीट, विवाद और अन्य आपातकालीन घटनाओं पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को मदद उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आमजन के साथ विनम्र और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि यूपी-112 सेवा उत्तर प्रदेश पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस इन दोपहिया वाहनों के संचालन से पुलिस की रिस्पांस टाइम में सुधार होगा, जिससे कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी तथा लोगों को संकट की स्थिति में तेजी से सहायता मिल सकेगी।
























































