बांदा। पुलिस का मुख्य कार्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना होता है, लेकिन जब कोई अधिकारी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य भी करता है, तो यह काबिले-तारीफ बन जाता है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने न केवल अपनी ड्यूटी निभाई, बल्कि समाज सेवा का एक उदाहरण भी पेश किया।
बांदा के श्रीनाथ बिहार में आयोजित श्री राम कथा के विश्राम दिवस के अवसर पर उन्होंने 3000 से अधिक यथार्थ गीता धार्मिक पुस्तकों का वितरण किया। इस कार्य में उनके साथ अलीगंज चौकी प्रभारी राकेश द्विवेदी, कालूकुआं चौकी प्रभारी सी.पी. तिवारी, पुलिस कांस्टेबल और कथा स्थल के सहयोगी भी शामिल रहे। कथा सुनने आए भक्तों को यह पुस्तकें दी गईं ताकि वे इसका अध्ययन कर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें और समाज को एक अच्छा संदेश दे सकें।
बताया जा रहा है कि पंकज सिंह जहां भी तैनात रहे, वहां जाति और धर्म से ऊपर उठकर ज्ञानवर्धक एवं धार्मिक पुस्तकों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया। उनका उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का वातावरण बनाना है, जिससे लोग आपसी लड़ाई-झगड़े, ईर्ष्या और द्वेष से मुक्त हो सकें।
उनकी इस पहल की जिलेभर में सराहना हो रही है। लोगों से अपील की गई कि वे इस पुस्तक का अध्ययन कर इसे अपने जीवन में अपनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दें।















