राष्ट्रीय अविष्कार योजना के तहत खतौली के छात्रों ने पेपर मिल का किया शैक्षिक भ्रमण,

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय अविष्कार योजना के अंतर्गत खंड शिक्षा अधिकारी खतौली पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में विकास क्षेत्र खतौली के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं उनके अध्यापकों का जीनस पेपर एंड बोर्ड्स लिमिटेड, मुजफ्फरनगर में एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को उद्योगों की कार्यप्रणाली और कागज निर्माण की प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना था, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ वास्तविक जीवन में उपयोग होने वाली प्रक्रियाओं को भी समझ सकें। पेपर मिल पहुंचने पर महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन रविन्द्र कुमार शर्मा तथा कमर्शियल हेड जी.सी. कोठारी ने सभी बच्चों और अध्यापकों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद मिल प्रबंधन की टीम ने बच्चों और अध्यापकों को दो समूहों में विभाजित कर पूरे प्लांट का भ्रमण कराया और कागज निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

भ्रमण के दौरान छात्रों को सबसे पहले यह दिखाया गया कि वेस्ट पेपर और रद्दी कागज को किस प्रकार एकत्रित कर उसकी रीसाइक्लिंग की जाती है और उसे दोबारा उपयोग के योग्य बनाया जाता है। इसके बाद बच्चों को वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी दिखाया गया, जहां मिल से निकलने वाले पानी को विशेष प्रक्रिया के माध्यम से शुद्ध कर पुनः उपयोग में लाया जाता है। मिल प्रबंधन ने छात्रों को यह भी बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उद्योगों में पानी और संसाधनों के पुनः उपयोग की व्यवस्था किस प्रकार की जाती है। इसके पश्चात छात्रों को रद्दी और बेकार कागज से नया कागज तैयार करने की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाई गई। बच्चों ने मशीनों को चलते हुए देखा और बड़ी रुचि के साथ पूरी प्रक्रिया को समझा। इस दौरान छात्रों ने कई सवाल भी पूछे, जिनका मिल के अधिकारियों ने सरल भाषा में उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया।

भ्रमण के अंत में मिल प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों और अध्यापकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से बच्चों को टी-शर्ट, कैप, बैग, जलपान और फलों का वितरण किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस एक्सपोजर विजिट में कुलदीप जैन, पूनम नोडल संकुल, एआरपी राखी चौधरी, अजय शर्मा, धर्मवीर, अजीत, नवनीत कुमार लिपिक, ऋतु जैन, नेहा, पारुल, शिप्रा, राजीव वर्मा, नवनीत, नीतू, हरिप्रकाश, पवन शर्मा, प्रिया रावत, मोनिका, अंशू, गोपाल शर्मा, रविन्द्र, कामिनी, कामेश्वर, कुणाल, अनिकेत, जयविंद्र सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। इस शैक्षिक भ्रमण से बच्चों को उद्योगों की कार्यप्रणाली और रीसाइक्लिंग के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts