खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए किया गया जागरूक

मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में कृषि विभाग द्वारा सघन “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत ग्राम कटिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण आधारित संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना रहा। यह अभियान कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में 3 जून 2026 तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में 5 जून 2026 को आयोजित बैठकों में दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में किसानों को बताया गया कि मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से भूमि की उर्वरता बनी रहती है और फसल उत्पादन में वृद्धि होती है। साथ ही हरी खाद, जैविक खाद एवं जैव उर्वरकों के उपयोग के लाभों की जानकारी देते हुए किसानों को इनके प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम) की तकनीकों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान खेत प्रदर्शन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कृषक चौपालों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती न केवल मिट्टी के स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है बल्कि कृषि लागत को भी कम करती है, जिससे किसानों की आय और लाभप्रदता में वृद्धि होती है। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जागरूकता बैठकों में किसानों को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को केंद्र सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। इसके लिए फोल्डर, पुस्तिकाओं एवं अन्य प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक खेती की पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

कृषि विभाग द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को आधुनिक, लाभकारी एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली से जोड़ा जा सके और कृषि क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाया जा सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts