चीन में टाइफून डॉल्फिन का खतरा बढ़ गया है. तूफान के चलते शंघाई के दो प्रमुख एयरपोर्ट से 1,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. प्रशासन ने तूफान और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भारी बारिश और बाढ़ के साथ भूस्खलन की आशंका जताई है. टाइफून डॉल्फिन के बाहरी हिस्से शनिवार को उत्तरी ताइवान से टकराए. राजधानी ताइपे समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई. इसके असर से ताइवान की कुछ एयरलाइंस ने रविवार को चीन के लिए अपनी उड़ानें भी रद्द कर दीं.रविवार सुबह तक तूफान की अधिकतम लगातार हवाओं की रफ्तार करीब 162 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई. इसके कारण चीन केतटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक तूफान रविवार देर रात झेजियांग प्रांत और पड़ोसी फुजियान प्रांत के उत्तरी हिस्सों में पहुंच सकता है. चीन के मौसम पूर्वानुमानकर्ताओं ने अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में 200 से 400 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई है. झेजियांग में प्रशासन ने भारी बारिश के साथ भूस्खलन के गंभीर खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है.
60 फीसदी उड़ानें रद्द
शंघाई के होंगकियाओ और पुडोंग एयरपोर्ट पर रविवार की निर्धारित उड़ानों में से करीब 60 फीसदी उड़ानें रद्द की गईं. स्थानीय सरकारी मीडिया के मुताबिक, दोनों एयरपोर्ट से रद्द हुई उड़ानों की संख्या 1,300 से अधिक रही. इससे हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. तूफान के खतरे को देखते हुए झेजियांग के ताइझोउ शहर में शनिवार शाम करीब 3.9 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. वहीं, शंघाई में भी जोखिम वाले इलाकों से 30 हजार से ज्यादा लोगों को हटाया गया है.प्रशासन ने समुद्री गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है. झेजियांग में फेरी और क्रूज समेत सभी जल-आधारित गतिविधियां निलंबित कर दी गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि भारी बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है. ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत एजेंसियों को सतर्क रखा गया है.























































