अलवर जिले में एनईबी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के नीचे खड़ी एक संदिग्ध कार से 43 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। थाने के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिया के नीचे एक कार में दो युवक संदिग्ध स्थिति में बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से तीन कट्टों में रखा गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रीतम और मोहन सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।















