बिजली कटौती से परेशान किसानों ने किया विद्युत उपकेंद्र पर धरना, अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग

कमासिन (बांदा)। क्षेत्र में बिजली की भारी किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति में लगातार हो रही कटौती और ट्रांसफार्मर की खराबी से नाराज़ सैकड़ों किसानों ने मुसीवां विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। किसानों की मांग है कि जब तक उच्च अधिकारी मौके पर आकर उनकी समस्याएं नहीं सुनते, तब तक उपकेंद्र बंद रखा जाएगा।

किसानों ने बताया कि मुसीवां विद्युत उपकेंद्र से लगभग पचास गांवों को बिजली आपूर्ति होती है, लेकिन यहां लगे दो ट्रांसफार्मरों में से एक बीते पांच महीने से जला पड़ा है। वर्तमान में धान की रोपाई का सीजन चल रहा है और एक ही ट्रांसफार्मर के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिससे किसानों को रोपाई के कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने यह भी बताया कि उपकेंद्र की कई मशीनें खराब पड़ी हैं, जिनकी मरम्मत तक नहीं कराई जा रही है। ऊपर से एक ही मशीन पर अत्यधिक लोड डालकर पूरे क्षेत्र को बिजली देने की नाकाम कोशिश की जा रही है। इससे बिजली की आंख-मिचौली जारी है और किसानों के विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार के 18 घंटे बिजली देने के दावे को भी खोखला बताया और कहा कि उन्हें दिनभर में तीन घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर आकर ठोस समाधान नहीं करते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts