मुजफ्फरनगर। राष्ट्रव्यापी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत इंडियन पोटाश लिमिटेड की आसवनी एवं सीबीजी यूनिट, रोहाना कला में वृक्षारोपण महायज्ञ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित वातावरण को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी फायर सेफ्टी मोहित कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को अपनी जिम्मेदारी बनाना होगा। उन्होंने सभी से केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा हरित भविष्य के निर्माण के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद कारखाना परिसर में विभिन्न स्थानों पर फलदार, छायादार एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया गया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधे लगाए तथा उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का भी संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि एक पौधा केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करता, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। कार्यक्रम में भारत सिंह (प्रभारी महाप्रबंधक, आसवनी), अमित कुशवाहा (आबकारी प्रभारी), विवेक कुमार शर्मा (इलेक्ट्रिकल इंचार्ज), विश्वजीत त्यागी (स्टोर इंचार्ज), संजीव सेठ (वेयरहाउस), दिनेश बंसल (सहायक प्रबंधक, सीबीजी), प्रदीप शर्मा (मुख्य सुरक्षा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।















