मुजफ्फरनगर के विकास भवन सभागार में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनांतर्गत पालीहाउस और बागवानी फसलों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, उप निदेशक कृषि, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा के वैज्ञानिक, एपीडा प्रतिनिधि, जिला उद्यान अधिकारी रचना सिंह और जिले के प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।
पालीहाउस में बेमौसमी सब्जियां जैसे शिमला मिर्च, खीरा और टमाटर, तथा फूलों में गुलाब, जरबेरा और लिलियम की खेती से पारंपरिक फसलों की तुलना में 10 गुना अधिक लाभ की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने फसल रोग और उनके रोकथाम के उपाय बताए।
एपीडा प्रतिनिधि ने निर्यात बढ़ाने के लिए गुणवत्तायुक्त सब्जियों के उत्पादन पर जोर दिया। पालीहाउस से उत्पादित फसलों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए जेवर हवाई अड्डे से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से संवाद कर सहफसली खेती अपनाने और आय बढ़ाने पर जोर दिया। सरकार पालीहाउस निर्माण पर 50% अनुदान भी दे रही है।
कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों और कृषकों के प्रति आभार व्यक्त कर किया गया।















