मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 29 और 30 जुलाई की मध्य रात्रि से जनपद में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जो 12 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर भी चरणबद्ध तरीके से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट और डायवर्जन की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। 29/30 जुलाई से 4 अगस्त तक एनएच-58 की बायीं लेन हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी, जबकि दाहिनी लेन से हल्के वाहनों का नियंत्रित आवागमन जारी रहेगा। इस दौरान मेरठ और हरिद्वार के बीच छोटे वाहनों की आवाजाही निर्धारित व्यवस्था के अनुसार होगी। 4 अगस्त से हाईवे की दोनों लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित कर दी जाएंगी और सामान्य वाहनों का संचालन बंद रहेगा। सहारनपुर, हरिद्वार और अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं।
आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन देवबंद, मलीरा कट, रामपुर तिराहा, पचैंडा, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास, मीरापुर और मोंटी तिराहा होते हुए मवाना के रास्ते मेरठ जा सकेंगे। बिजनौर की ओर जाने वाले वाहन मोंटी तिराहे से बैराज मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं शामली, बागपत और बड़ौत की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक, बहलना कट और जानसठ पुल से होकर प्रवेश की व्यवस्था की गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और दुर्घटनामुक्त आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए सभी को कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।























































