तिजारा विधायक बालक नाथ योगी ने आज भिवाड़ी नगर परिषद में अधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक की। बैठक में भिवाड़ी नगर परिषद क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें जल भराव, नाले-नालियों की सफाई और अन्य प्रमुख समस्याएं प्रमुख रहीं।
विधायक ने भिवाड़ी में निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में जल भराव भिवाड़ी नगर परिषद की प्रमुख समस्याओं में से एक है, जो बरसात के मौसम में और अधिक गंभीर हो जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है, जिसके शुरू होने से प्रदूषित जल के भराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि भिवाड़ी राजस्थान के प्रमुख शहरों में शामिल है और इसे सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त करना उनका संकल्प है। तिजारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।















