उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर में कड़ी सुरक्षा, एसपी सिटी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 14 और 15 मार्च 2026 को दो पालियों में कराया जा रहा है।जनपद के कुल 17 परीक्षा केंद्रों पर हो रही इस महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में 15 मार्च को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक नगर ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को निर्देश दिया कि वे पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान परीक्षा से संबंधित स्ट्रांग रूम का भी अवलोकन किया गया, जहां परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखा गया है। यहां सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नगर नियंत्रण कक्ष में लगे कैमरों के माध्यम से शहर की कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की भी निगरानी की गई।मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से परीक्षा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और लगातार गश्त के माध्यम से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। पुलिस और प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षार्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts