मुज़फ्फरनगर में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से संस्कार फाउंडेशन और अपना एडमिशन अड्डा के संयुक्त तत्वावधान में अब तक का सबसे बड़ा एजुकेशन फेयर आयोजित किया गया। देश की 10 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों—जैसे एचआरआईटी, आईएमएस यूनीसन, भारती विद्यापीठ, रायत बाहरा, जीएनआईटी आदि—ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया, जबकि अध्यक्षता एचआरआईटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने की। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को लैपटॉप, स्मार्टफोन जैसे आकर्षक उपहार डॉ. अनिल अग्रवाल द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिले के शिक्षाविदों और समाजसेवियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में वैशाली चौधरी, प्रमेन्द्र दहिया और “अपना एडमिशन अड्डा” की टीम की भूमिका सराहनीय रही। प्रसिद्ध करियर काउंसलर समृद्धि त्यागी और वैशाली चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने इस आयोजन को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल बताया। एम.एस. गौर और कनक ने कार्यक्रम का संचालन किया।















