मैदानों में बारिश, चलेंगी बर्फीली हवाएं… अगले 48 घंटे में कुदरत का दिखेगा रौद्र रूप, रहें अलर्ट

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी ने मैदानी इलाकों का मौसम भी बदल दिया है. जम्मू कश्मीर से लेकर हिमाचल और उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी हो रही है. मैदानी इलाकों में जहां शीतलहर खत्म होती दिख रही थी इस बर्फबारी ने एक बार फिर ठंड को बढ़ा दिया है.वहीं देश की राजधानी दिल्ली में बारिश ने AQI में मामूली सुधार तो किया है लेकिन लोगों का मिजाज भी खराब कर दिया. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने चिंता बढ़ा देने वाला अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अपने अलर्ट में कहा है कि 27 और 28 जनवरी को कुदरत अपना रौद्र रूप दिखा सकती है.

मौसम विभाग की चेतावनी एक सबसे बड़ा कारण नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस. नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है. पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, मैदानों में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है. कई राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. ठंड एक बार फिर जानलेवा हो सकती है. IMD ने अपने अलर्ट में साफ कहा है कि आने वाले 48 घंटे बेहद अहम हैं.

देश भर के मौसम का लाइव अपडेट:

Delhi Weather Live: दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का स्टेज-3 वापस ले लिया है. हालात बेहतर होने के बाद यह फैसला लिया गया है. इससे प्रदूषण नियंत्रण के तहत लागू सख्त पाबंदियों में आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है.


(फोटो IMD)

5 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पांच राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं. 27 और 28 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

उत्तर भारत के 13 जिलों में शीतलहर

उत्तर भारत में शीतलहर ने फिर से दस्तक दे दी है. प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, रायबरेली, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रामपुर, बिजनौर सहित कई जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी. हरियाणा के गुरुग्राम और सोनीपत में भी सर्द हवाएं परेशान करेंगी. पंजाब के अमृतसर, जालंधर, बठिंडा, पटियाला और मोहाली में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी.


(फोटो IMD)

दिल्ली का मौसम: फिर बारिश का डर

दिल्ली वालों की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं. IMD के मुताबिक 27 जनवरी को राजधानी में फिर से बारिश हो सकती है. सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलेंगी. न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहेगा. बारिश से AQI में हल्का सुधार जरूर हुआ है, लेकिन ठंड ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है.

यूपी में बारिश और आंधी का असर

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 27 और 28 जनवरी को मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी है. मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, कानपुर, लखनऊ और पीलीभीत में मौसम बिगड़ सकता है. तापमान में गिरावट के साथ ठंड और बढ़ेगी.

बिहार में कोहरा और ठंड

बिहार में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. पटना, सारण, भोजपुर, गया और चंपारण के इलाकों में बादल छाए रहेंगे. पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार में घना कोहरा परेशानी बढ़ाएगा. सुबह के समय शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हो सकता है.


(फोटो PTI)

उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फ का कहर

उत्तराखंड में 27 से 28 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना है. रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू और कांगड़ा में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. मनाली में तापमान माइनस 12 डिग्री तक जा सकता है.


(फोटो IMD)

जम्मू-कश्मीर में 48 घंटे का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में 27 जनवरी से लगातार 48 घंटे तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है. श्रीनगर, गुलमर्ग, पुंछ और रियासी में तेज हवाओं के साथ मौसम बेहद खराब रहने वाला है.

पश्चिमी और मध्य भारत का हाल

राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन अगले 48 घंटे में कुछ इलाकों में बदलाव संभव है. सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट देखी जा सकती है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts