लखनऊ के चैधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रेडियो एक्टिव लीक होने से 2 कर्मचारी बेहोश हो गए। यह घटना टर्मिनल-3 की है। फिलहाल सीआईएसएफ और एनडीआरएफ ने 1.5 किमी. का एरिया खाली करा लिया गया है। लोगों की एंट्री बंद कर दी गई है।शुरुआती जानकारी के अनुसार लखनऊ से गुवाहाटी की उड़ान जा रही थी। इस दौरान टर्मिनल-3 पर सामान की स्कैनिंग के दौरान बीप की आवाज आई। बाॅक्स में कैंसर रोधी दवाएं लकड़ी के बाॅक्स में पैक थी।जैसे ही कर्मचारियों ने जांच के लिए बाॅक्स खोला तो तेजी से गैस निकली। इसमें 2 कर्मचारी बेहोश हो गए। कर्मचारियों के बेहोश होते ही भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद इलाके को खाली कराया गया।
जानकारी देते हुए एयरपोर्ट अथाॅरिटी ने बताया कि टर्मिनल-3 के पास कारगो से गैस लीकेज की सूचना मिली थी। इसके बाद 3 फायर सर्विस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची। कुछ दवाओं के बाॅक्स से क्लोरीन गैस लीक हुई थी। घटना पर पूरी टीम नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल अथाॅरिटी ने एहतियात के तौर पर एडवाइजरी जारी की है।एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन अभी भी चालू है। वहीं सुरक्षा अधिकारियों की मानें तो एयरपोर्ट में रोज फ्लोरिन आती है। लेकिन आज ज्यादा मात्रा में होने की वजह से मशीन ने डिटेक्ट किया। फिलहाल एयरपोर्ट पर हालात सामान्य है। गैस लीक होने के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों की आंखों में जलन और घबराहट होने लगी।
















